नवजात बच्ची को बेचने जा रहे महिला समेत तीन गिरफ्तार, गरीबी से बाहर निकालने का लालच, दंपती को ऐसे किया ब्रेन वॉश
शंभू थाना की पुलिस ने नवजात बच्ची को बेचने जा रहे महिला समेत गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तब की जब आरोपित बच्ची को सौदेबाजी के लिए राजपुरा-अंबाला रोड पर लेकर पहुंचे थे।
आरोपितों की पहचान संगरूर के धूरी के गांव मीरहेड़ी निवासी कुलदीप कौर, मानसा के वार्ड तीन की गुरुद्वारे वाली गली निवासी सन्नी मेहता, मानसा के गांव अक्कावाली निवासी वकील सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने तीनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
एएसआई भान सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरोह की सरगना कुलदीप कौर ने आर्थिक रूप से कमजोर दंपती से संपर्क कर उन्हें गरीबी से बाहर निकालने का लालच दिया और बच्ची को निसंतान दंपती को बेचने के लिए राजी कर लिया।
इस संबंधी आरोपितों से पूछताछ जारी है। गिरोह के सदस्य खासतौर पर अस्पतालों और झुग्गी बस्तियों में नजर रखते थे, जहां गरीब परिवारों के नवजात बच्चों को लालच देकर खरीदा जाता था। अक्सर ऐसे लोग जो आर्थिक संकट से जूझ रहे होते हैं, उन्हें बहला-फुसलाकर बच्चा देने के लिए तैयार किया जाता था।
