Threat to Salman Khan: सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स जमशेदपुर से गिरफ्तार, ऐसे आया गिरफ्त में

0

 सलमान खान को धमकी भरे संदेश भेजने के मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान जमशेदपुर के सब्जी विक्रेता शेख हुसैन शेख मौसिन (24) के रूप में हुई है। पिछले सप्ताह मुंबई यातायात पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग वाला एक धमकी भरा संदेश मिला था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने झारखंड में उस नंबर का पता लगाया और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेजी गईं। उन्होंने बताया कि एक अन्य टीम गुवाहाटी भी भेजी गई। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने संदेश भेजने वाले का पता लगाने के लिए अपनी जांच शुरू की, लेकिन मुंबई यातायात पुलिस को उसी मोबाइल फोन नंबर से एक माफी वाला संदेश मिला है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को धमकी भरा संदेश मिलने के बाद उसने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने कहा कि जमशेदपुर में स्थानीय पुलिस की मदद से जांच की गई और आज संदेश भेजने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मुंबई लाया जाएगा। इससे पहले 21 अक्टूबर को, मुंबई पुलिस को इसी आरोपी की ओर से माफी का संदेश मिला थी जिसने 18 अक्टूबर को खान को धमकी दी थी। माफी वाले संदेश में कहा गया था कि संदेश गलती से भेजा गया था।

शुरुआती धमकी भरा संदेश 18 अक्टूबर को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम के नंबर पर भेजा गया था। कुछ दिनों बाद मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उसी नंबर से एक और संदेश मिला, जिसमें धमकी देने वाले व्यक्ति ने माफी मांगते हुए दावा किया कि संदेश गलती से भेजा गया था। मुंबई पुलिस के मुताबिक, मैसेज भेजने वाले की लोकेशन झारखंड से ट्रैक की गई। इसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का करीबी होने का दावा किया और रंगदारी की रकम न देने पर सलमान को जान से मार डालने का दावा किया।

भेजने वाले ने दावा किया, ‘इसे हल्के में मत लेना, अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहता है और लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करना चाहता है तो उसे 5 करोड़ रुपये देने होंगे। पैसे नहीं दिए तो सलमान खान की हालत बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगी। मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मिले धमकी भरे मैसेज के मामले में वर्ली पुलिस ने केस दर्ज किया था।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *