ट्रेन के इंजन से उठा धुआं, मची अफरा-तफरी; जान बचाने को चलती ट्रेन से कूदने लगे यात्री

0

बिहार की राजधानी पटना से सहरसा  जा रही एक ट्रेन से धुआं उठने के बाद ट्रेन के अंदर अफरातफरी मच गई। ट्रेन के इंजन से धुआं निकलने की जानकारी जैसे ही यात्रियों को मिली, डर के मारे यात्रियों ने एक-एक कर ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया। धुआं निकलने और यात्रियों के कूदने की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन को रोका और फिर कुछ ही देर में ट्रेन का एक डिब्बा लगभग पूरी तरह से खाली हो गया।

धुआं निकलने की यह घटना राजेन्द्र नगर–सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस में दीदारगंज हॉल्क के पास हुई। ट्रेन के इंजन से धुआं निकलते ही यात्री खौफ में आ गए और कुछ ही मिनटों में ट्रेन के अंदर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही इंजन से धुआं उठता दिखा, किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका ने यात्रियों को घेर लिया। ट्रेन रुकने से पहले ही कई यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे कूदने लगे। देखते ही देखते ट्रेन की एक बोगी लगभग खाली हो गई। लोग जल्द से जल्द ट्रेन से उतरकर अपनी जान बचाने की कोशिश करने लगे।

ट्रेन के इंजन से धुआं निकलते और यात्रियों को कूदते देखकर लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाई। उसने तुरंत ट्रेन को दीदारगंज हॉल्ट के पास रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही बाकी बचे यात्री भी ट्रेन से उतरने लगे। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के चेहरे पर दहशत साफ दिख रही थी। धुएं के कारण कुछ देर के लिए वहां के माहौल में डर फैल गया।

इस घटना के बाद करीब आधे घंटे तक ट्रेन दीदारगंज हॉल्ट पर खड़ी रही। इस दौरान रेलवे कर्मियों और तकनीकी टीम इंजन की जांच की और धुआं निकलने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की। जांच के बाद हालात सामान्य होने पर यात्रियों और रेलवे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

इस घटना में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में खौफ फैल गया। रेलवे अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंजन से धुआं निकलने का असली आकरण क्या था।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *