मोहाली में स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 4 युवतियां रेस्क्यू; संचालिका और मैनेजर गिरफ्तार
मोहाली। जीरकपुर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम वीआईपी रोड स्थित ब्लासम स्पा सेंटर पर छापा मारा। चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके से स्पा सेंटर की संचालक महिला और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
कुछ वर्षों के दौरान जीरकपुर शहर में तेजी से खुले होटलों और स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें बढ़ी हैं। पुलिस ने कई होटलों और स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर अवैध धंधों में लिप्त लोगों पर कार्रवाई की है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व गुप्त रूप से ऐसे धंधे चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीरकपुर को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और आने वाले दिनों में ऐसे स्थानों पर और सख्त निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां नजर आएं तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।
