दिल्ली से बेंगलुरु Flight में हंगामा… इमरजेंसी एग्जिट के पास बैठे यात्री ने की अजीबों-गरीब हरकत, दहशत में आए यात्री
दिल्ली से बेंगलुरु जा रही अकासा एयर की एक उड़ान उस समय हड़कंप मट गया, जब टेकऑफ से ठीक पहले एक यात्री जोर-जोर से चिल्लाने लगा जिसके कारण विमान को वापस गेट पर लाना पड़ा। सुरक्षा कारणों से विमान की दोबारा जांच की गई, जिसके चलते उड़ान करीब दो घंटे की देरी से रवाना हुई। जानकारी के अनुसार, विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था और सभी यात्री अपनी-अपनी सीटों पर बैठ चुके थे।
इसी दौरान इमरजेंसी एग्जिट के नजदीक बैठे एक व्यक्ति ने अचानक ऊंची आवाज में बोलना और अजीब तरह की बातें करना शुरू कर दिया। उसके व्यवहार से आसपास बैठे यात्री असहज महसूस करने लगे और कुछ लोगों ने क्रू मेंबर्स को इसकी सूचना दी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और मामले की जानकारी पायलट तक पहुंचाई। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को रनवे की ओर बढ़ाने के बजाय वापस पार्किंग गेट पर ले जाया गया।
घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने इस दौरान अपनी चिंता भी जाहिर की। जांच पूरी होने और किसी भी तरह का सुरक्षा जोखिम नहीं मिलने के बाद विमान को उड़ान के लिए मंजूरी दी गई। इस बीच, घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
