पीएम मोदी की देशवासियों से भारतीय उत्पाद खरीदने की अपील, लिखा- ‘गर्व से कहो, यह स्वदेशी है’
पीएम मोदी ने दिवाली के मौके पर देशवासियों से स्वदेशी सामान खरीदने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देश के लोगों से भारतीय सामान खरीदने की अपील करते हुए कहा कि सामान खरीदने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी फोटो भी शेयर करें। ऐसा करके आप अन्य लोगों को भी देसी सामान खरीदने के लिए प्रेरित करेंगे। पीएम मोदी लंबे समय से भारतीय सामान खरीदने की अपील करते आ रहे हैं। उन्होंने बतौर प्रधानमंत्री अपने पिछले कार्यकाल में ही आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल का मंत्र दिया था।
पीएम मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “आइए, इस त्यौहारी सीजन में 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार का जश्न मनाएं। आइए, भारतीय उत्पाद खरीदें और कहें गर्व से कहो, यह स्वदेशी है!आपने जो खरीदा है उसे सोशल मीडिया पर भी शेयर करें। इस तरह आप दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।”
