चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में मोबाइल सामान पहुंचाने की साजिश नाकाम, दो महिलाएं गिरफ्तार
चंडीगढ़। बुड़ैल जेल में सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कैदी की मां और उसकी साथी को फल के अंदर मोबाइल सिम कार्ड और बैटरी छिपाकर ले जाने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया गया। जेल प्रशासन की सतर्कता के चलते यह प्रयास नाकाम हो गया।
महिलाओं की पहचान परमजीत कौर और ज्योति के रूप में हुई है, जो डड्डूमाजरा कालोनी, सेक्टर-38 की निवासी हैं। परमजीत कौर का बेटा राहुल बुड़ैल जेल, सेक्टर-51 में बंद है। दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों महिलाएं राहुल से मिलने जेल पहुंचीं।
मुलाकात के दौरान महिलाओं ने राहुल को अमरूद और केले दिए। जेल कर्मियों को संदेह होने पर जब फलों की जांच की गई, तो उनके अंदर से दो सिम कार्ड और दो मोबाइल बैटरियां बरामद हुईं। इसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
जेल अधिकारियों ने मामले की जानकारी सेक्टर-49 थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर दोनों महिलाओं और कैदी राहुल के खिलाफ शिकायत दर्ज की।
पुलिस ने जांच के बाद परमजीत कौर, ज्योति और राहुल के खिलाफ जेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
