खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं… एक्शन के बाद बोले राघव चड्ढा, आम आदमी को दिया मैसेज
अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) में एक बार फिर अंदरुनी कलह उभर कर सामने आने लगी है. राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को AAP की ओर से सदन में पार्टी के उपनेता के पद से हटाने के अनुरोध के बाद पार्टी में तल्खी बढ़ गई है. उपनेता के पद से हटाए जाने के बाद चड्ढा ने एक और पोस्ट कर निशाना साधते हुए कहा कि खामोश करवाया गया हूं, लेकिन हारा नहीं हूं. यह मेरा ‘आम आदमी’ को संदेश है.
AAP नेता राघव चड्ढा ने आज शुक्रवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने वीडियो पोस्ट में कहा, “खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं. ‘आम आदमी को मेरे संदेश.” उन्होंने अपने इस वीडियो में कहा कि संसद में मैंने ज्यादातर ऐसे मसले उठाए जिसे आमतौर पर संसद में नहीं उठाया जाता. जिन पर चर्चा नहीं की जाती थी, तो क्या इस तरह के मसले उठाना अपराध है. कोई गुनाह है.
इससे पहले राघव चड्ढा ने कल गुरुवार रात को भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने सदन में पार्टी के उपनेता के रूप में उठाए गए मुद्दों की बात की. राज्यसभा सांसद ने यह वीडियो उन्हें पद से हटाए जाने के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया.
उन्होंने उस वीडियो में मध्यम वर्ग पर लगातार बढ़ते टैक्स का बोझ, डेटा की समय सीमा खत्म होने की समस्या, भारत में पितृत्व अवकाश का अधिकार और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सामान के शुल्क जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया है.
