भीषण हादसा, पिकअप वैन-ट्रक की टक्कर, खाटू श्याम से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत; 14 घायल
हरियाणा में मंगलवार को कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर पिकअप वैन और ट्रक की टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ये लोग राजस्थान से खाटू श्याम मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कर लौट रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मरने वालों में सभी छह महिलाएं हैं। घायलों को पलवल के एक अस्पताल ले जाया गया, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पीड़ित उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर होते ही घटनास्थान पर चीखपुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक यूपी के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के ग्रामीण धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और सालासल बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद मथुरा-वृंदावन जा रहे थे। इसी बीच मंगलवार तड़के पलवल क्षेत्र में केएमपी एक्सप्रेसवे पर पिकअप वैन ट्रक से टकरा गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पलवल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप वैन में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी 14 घायलों का इलाज चल रहा है।
