हरियाणा में जन्माष्टमी पर जमकर बरसेंगे बादल, 10 जिलों में यलो अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट
हरियाणा में कमजोर पड़े मानसून को जन्माष्टमी के मौके पर आज से रफ्तार मिलने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश का जोर रहेगा. वहीं, 5 सितंबर को बारिश का दायरा मध्य और दक्षिणी हरियाणा तक बढ़ सकता है. बारिश के चलते उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
आज 10 जिलों में यलो अलर्ट: मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम में बदलाव से जन्माष्टमी के दिन लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
कल 14 जिलों तक पहुंचेगा बारिश का असर: 5 सितंबर को बारिश का प्रभाव मध्य और दक्षिणी हरियाणा में बढ़ने के आसार हैं. झज्जर, गुरुग्राम, नूंह और रेवाड़ी समेत 14 जिलों में बारिश हो सकती है. हालांकि पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद में दोनों दिन बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है.
मानसून में अब तक 22% कमी:IMD के मुताबिक 1 जून से 3 सितंबर तक हरियाणा में 283.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 364.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से 22% कम बारिश दर्ज की गई है. अगले दो दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ सुधार की उम्मीद है. प्रदेश के सात जिले बारिश की कमी के लिहाज से रेड जोन में हैं. सिरसा में 53%, जींद में 56%, कैथल में 50%, अंबाला में 50%, रोहतक में 45%, करनाल में 43% और पंचकूला में 30% कम बारिश दर्ज की गई है. इन जिलों में होने वाली बारिश किसानों के लिए विशेष राहत लेकर आ सकती है.
प्रदेश में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ भिवानी सबसे गर्म रहा. सिरसा में 36, हिसार में 35.9 और पानीपत व रोहतक में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. गुरुग्राम और फरीदाबाद में तापमान 32.8 से 33.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. बारिश से दिन के तापमान में गिरावट की उम्मीद है.
रात में भी मिलेगी गर्मी से राहत: बीते सप्ताह न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक रहा. अंबाला में 27.3, हिसार में 26.1 और करनाल में 26.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 सितंबर को बारिश व बादलों के कारण रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
किसानों और आम लोगों को राहत की उम्मीद: मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है. मानसून की कमी से जूझ रहे किसानों के लिए यह बारिश महत्वपूर्ण मानी जा रही है. जन्माष्टमी पर बारिश होने से त्योहार के दौरान मौसम सुहावना होने की उम्मीद है.
