CM नायब सिंह सैनी का बड़ा एक्शन! पंचकूला में ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज, बुधवार को मोरनी स्थित राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय में जनसमस्याएं सुनीं. इस दौरान उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया. इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.
ग्राम पंचायत टिक्कर हिल्स में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने में हुई देरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं, कुदाना पंचायत के गांव बाबड़वाली में गली निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की जांच कराने के निर्देश दिए. साथ ही गली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार मोरनी के हर गांव को सड़कों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है. बीजेपी सरकार के कार्यकाल में जितनी सड़कों का निर्माण मोरनी में हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ.
मुख्यमंत्री ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट तौर पर कहा कि उनके पास आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को धैर्यपूर्वक सुना जाए और प्राथमिकता पर समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके.
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई के दौरान मोरनी क्षेत्र के लोगों की बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना. उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिकायतों और मांगों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए. कहा कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयावधि के भीतर समाधान सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.
समलोठा से जियाघाट वाया कुडाना घाट और भयाल-दुंदल सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए. कहा कि इस परियोजना के लिए शिवालिक विकास बोर्ड से लगभग 2 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाई जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धनराशि की कोई कमी नहीं है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए.
