शादी भी रुक गई भारत-पाक तनाव के बीच, अटारी बॉर्डर पर क्या हुआ जानिए?

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को अटारी बॉर्डर पर एक अलग नजारा देखने को मिला। पाकिस्तान में अपनी दुल्हन को लेने जा रहे एक दूल्हे को बिना दुल्हनिया के ही अटारी बॉर्डर से लौटना पड़ गया। सेहरा बांधे और शेरवानी पहने राजस्थान के बाड़मेर जिले के संजय सिंह बारात लेकर अटारी बॉर्डर पर पहुंचे थे। 30 अप्रैल को संजय सिंह पाकिस्तान के सिंध प्रांत के अमरकोट की रहने वाली केसर कंवर से शादी के बंधन में बंधने वाले थे। हालांकि बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें बॉर्डर पर ही रोक दिया। अधिकारियों के मुताबिक दूल्हे और बरातियों के पास पाकिस्तान की नागरिकता नहीं थी जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
जानकारी के मुताबिक संजय सिंह और केसर कंवर की चार साल पहले सगाई हुई थी। केसर कंवर का वीजा न बढ़ने की वजह से उन्हें वापस पाकिस्तान जाना पड़ा था। इसके बाद बड़ी मुश्किलों के बाद संजय सिंह और उसके परिवार के कुछ लोगों को वीजा मिला, जो 12 मई तक वैध था। इसके बाद दोनों ने 30 अप्रैल को शादी करने का फैसला लिया था। संजय सिंह शादी करने के लिए परिवार और कुछ अन्य रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार को पाकिस्तान जाने के लिए अटारी बॉर्डर पर पहुंचे, लेकिन उन्हें इसकी इजाजत नहीं मिली। बॉर्डर पार करने की इजाजत ना मिलने के बाद संजय सिंह ने कहा है कि उन्हें बहुत मुश्किल से पाकिस्तान का वीजा मिला था। पाकिस्तान में उनकी पत्नी केसर के घर पर भी शादी की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और वहां लोग उनका इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार से उन्हें पाकिस्तान जाने की इजाजत देने की अपील की है।