केमिकल कचरे में लगी आग, रातभर धधकती रही फैक्ट्रियां, धमाकों से सहमे लोग, करोड़ों की मशीनें खाक
मध्यप्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-3 में स्थित हजारगो वेस्ट कंपनी में रात करीब 9:45 बजे अचानक आग भड़क उठी जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। देर रात तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी रहीं लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद भी पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका।
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं। खासतौर पर वे कंपनियां जो रेलवे और डिफेंस सेक्टर के लिए सामग्री तैयार करती हैं उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
बताया जा रहा है कि जिस यूनिट में आग लगी, वहां केमिकल वेस्ट के निस्तारण का काम होता है। आग लगने के कुछ ही देर बाद वहां रखे केमिकल ड्रमों में तेज धमाके शुरू हो गए जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। घटना के समय फैक्ट्री में करीब 10 मजदूर मौजूद थे जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की कई यूनिटों को खाली कराना पड़ा।
सूचना मिलते ही इंदौर समेत आसपास के इलाकों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 14 फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। लगातार पानी और टैंकरों के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। कुछ जगहों पर रेत डालकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास भी किया गया। घटना में स्लीपलूप इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और गलार्ड स्टील लिमिटेड जैसी कंपनियों को बड़ा नुकसान हुआ है। कंपनी के संचालक जौहर काला के मुताबिक उनकी पूरी यूनिट और मशीनरी जलकर खाक हो गई है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनियां रेलवे और डिफेंस सेक्टर को सप्लाई करती हैं जिससे उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है और करोड़ों का नुकसान हुआ है।
