जयपुर से मुंबई जा रही एअर इंडिया का फ्लाइट, अचानक मिली गड़बड़ी की सूचना; इमरजेंसी लैंडिंग हुई तो…
एअर इंडिया के एक विमान को जयपुर से मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। यात्रियों की बोर्डिंग हुई और फिर प्लेन को टेकऑफ के लिए एटीसी से क्लियरेंस मिल गया। फ्लाइट ने रवने पर रोल करना शुरू किया और कुछ ही क्षणों बाद इसने टेकऑफ कर लिया। जयपुर से प्लेन मुंबई के लिए रवाना हो चुका था।
लेकिन कुछ ही देर बाद प्लेन में किसी तकनीकी दिक्कत का पता चला। प्लेन बीच हवा में था और कोई भी गलती दुर्घटना का दावत दे सकती थी। इसके बाद पायलट ने वापस लौटने का फैसला किया। ये घटना शुक्रवार की है और एअर इंडिया के इस विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
पायलट ने प्लेन को वापस मोड़ा
बता दें कि एअर इंडिया की फ्लाइट AI612 ने जयपुर से मुंबई के लिए उड़ान भर ली थी। लेकिन बीच सफर के दौरान ही प्लेन में तकनीकी दिक्कत पता चली और पायलट ने सूझ-बूझ दिखाते हुए प्लेन को वापस मोड़ लिया। फ्लाइट को वापस जयपुर लाया गया और इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
जब जयपुर लौटने के बाद प्लेन की जांच की गई, तो पता चला कि इसमें कोई तकनीकी दिक्कत नहीं है। जांचकर्ताओं ने पाया कि प्लेन ने गलत इंडिकेशन दिया था। जांच के बाद प्लेन को फिर से ऑपरेशन की मंजूरी मिल गई और इसे मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
