स्कूल जा रही 14 साल की छात्रा को जबरन बाइक पर बिठाया, श्मशान घाट ले जाकर पड़ोसी ने किया रेप
Screenshot
पंजाब के लुधियाना से एक बेहद शर्मनाक घटना की खबर सामने आई है, यहां एक व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ श्मशान घाट में रेप किया. आरोपी ने छात्रा को स्कूल जाते समय धमकी दी और फिर उसे अगवा कर लिया और उसे श्मशान घाट ले गया. आरोपी पीड़िता का पड़ोसी है. पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर जमालपुर पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
यह घटना साहिबाना में हुई, जो जमालपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है. आरोपी की पहचान 35 साल के नीरज कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उसकी 14 साल की बेटी 1 अप्रैल की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी. जब वह पड़ोस से थोड़ी दूर निकली तो पास में रहने वाले नीरज कुमार ने उसे रोका. आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरदस्ती अपने मोटरसाइकिल पर राम नगर ले गया.
शिकायत के मुताबिक, आरोपी छात्रा को काफी देर तक मोटरसाइकिल पर घुमाता रहा और उस पर शादी करने का दबाव बनाता रहा. जब छात्रा ने घर वापस छोड़ने के लिए कहा तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसे चुप करा दिया. इसके बाद आरोपी छात्रा को साहिबाना गांव के श्मशान घाट ले गया, जहां उसने उसकी मर्जी के विरुद्ध उसके साथ रेप किया. अपराध करने के बाद, आरोपी उसे छोड़कर भाग गया.
छात्रा ने मां को बताई आपबीती
बता दें कि जब छात्रा घटना के बाद घर वापस आई तो वह डरी हुई थी. जब उसकी मां ने उससे पूछा तो उसने रोते-रोते सारी बात बताई. उसके परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जमालपुर पुलिस ने आरोपी नीरज कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 137(2) (अपहरण), 87, 64 (रेप) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है. जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद मामला दर्ज कर लिया गया. महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के प्रति पुलिस की जीरो-टॉलरेंस नीति है. मामले की गहराई से जांच की जा रही है.
