मोहाली में 12वीं के छात्र और उसकी दोस्त पर तेजधार हथियार से हमला, इलाके में फायरिंग की सूचना से दहशत
मोहाली में रविवार देर रात 12वीं के छात्र और उसकी दोस्त तेजधार हथियारों से हमला हुआ। रात करीब साढ़े 10 बजे हुई वारदात के बाद शुरुआत में दोनों पर फायरिंग किए जाने की सूचना सामने आई, जिससे पुलिस में भी अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, प्रारंभिक जांच में पुलिस को अभी तक गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं घटनास्थल से खाली खोल मिलने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
हमले में युवक के कंधे और युवती के पेट पर चोट के घाव मिले हैं। दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फेज-6 में भर्ती करवाया गया, जहां डाॅक्टरों ने युवती की हालत गंभीर बताई है। घायल युवक की पहचान सलमान और युवती की पहचान सुमन के रूप में हुई है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस हमले से पहले और बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है।
थाना फेज-1 के एसएचओ सुखवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला नशा तस्करी से जुड़े विवाद का लग रहा है, लेकिन अभी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। युवक के कंधे और युवती के पेट पर घाव हैं, जो किसी तेजधार हथियार से किए गए वार के प्रतीत हो रहे हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों और वारदात के समय मौके पर मौजूद लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले की सही वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा
