पंजाब के लोगों को स्टांप ड्यूटी पर 2.25% कटौती की|

फरवरी में 100 करोड़ ज्यादा रेवेन्यू
रागा न्यूज़, चंड़ीगढ़।
पंजाब की मान सरकार ने स्टांप ड्यूटी पर पंजाब के लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है। माल मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने बताया कि मान सरकार ने 1 मार्च से 31 मार्च 2023 तक पंजाब में किसी भी प्रकार की जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री करवाने के लिए स्टांप ड्यूटी पर फीस में कुल 2.25% की कटौती की गई है। ऐसा करने से पंजाब सरकार को मार्च महीने में रेवेन्यू विभाग के राजस्व में अधिक आमदनी होने की उम्मीद है।
इससे पहले भी मान सरकार के कार्यकाल में रेवेन्यू विभाग की आय में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2022 के फरवरी महीने में रेवेन्यू विभाग को कुल 241.62 करोड़ रुपए की आमदनी हुई थी। जबकि साल 2023 के फरवरी महीने में 338.99 करोड़ का राजस्व जुटाया गया है। नतीजतन विभाग को कुल 97.37 करोड़ रुपए का अतिरिक्त मुनाफा हुआ है।
रेवेन्यू विभाग ने अतिरिक्त राजस्व स्टांप और जमीनी रजिस्ट्री के बूते जुटाया है। नतीजतन बीते एक साल में यह बढ़ोतरी 40 प्रतिशत दर्ज की गई है। पंजाब सरकार के रेवेन्यू विभाग ने अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक कुल 3499.94 करोड़ का राजस्व जुटाया था। जबकि बीते साल यह आमदनी 2929.74 करोड़ रुपए थी।
इस आधार पर मान सरकार के एक साल के कार्यकाल में 19 प्रतिशत अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
काम में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा ने कहा कि राज्य के माल विभाग के दफ्तरों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। इससे पहले भी मान सरकार ने विभिन्न संसाधनों से पैसा बचाने और मुनाफा होने के दावे करती रही है। विपक्षी राजनीतिक दलों को CM पंजाब भी सरकारी खजाना भरे होने का हवाला देते रहे हैं।