फतेहगढ़ साहिब में सनसनी, घर में सो रहे बेअदबी केस के आरोपी की बेरहमी से हत्या

0

फतेहगढ़ साहिब। जिले में बेअदबी के एक पुराने मुकदमे में नामजद आरोपी की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। थाना मंडी गोबिंदगढ़ क्षेत्र के गांव लाडपुर तूरां में 13-14 जुलाई की मध्यरात्रि अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सोते हुए मेवा सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी और फरार हो गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में नया मोड़ यह है कि मृतक मेवा सिंह सितंबर 2020 में दर्ज एक बेअदबी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका था और करीब छह माह बाद जमानत पर बाहर आया था।

थाना प्रभारी संदीप सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस को रात करीब 1:30 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर सो रहे मेवा सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में मेवा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया है और मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, हत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं।

थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या की वजह मेवा सिंह पर लगा पुराना बेअदबी का आरोप है या इसके पीछे कोई निजी रंजिश, जमीनी विवाद या अन्य कारण है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों के आने-जाने के रास्ते का पता चल सके। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाएगा।

सितंबर 2020 में थाना मंडी गोबिंदगढ़ में मेवा सिंह के खिलाफ बेअदबी का मुकदमा दर्ज हुआ था। एफआईआर नंबर 270 में आरोप था कि उसने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने मेवा सिंह को नामजद कर गिरफ्तार किया था और अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था।

करीब छह माह जेल में रहने के बाद अदालत से उसकी जमानत हो गई थी। तभी से वह जमानत पर था और मुकदमा अदालत में विचाराधीन बताया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुराने मुकदमे का ट्रायल अपनी जगह चल रहा था और मेवा सिंह कानून के दायरे में था।

नई हत्या का उस पुराने केस से सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस की कई टीमें अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या लग रही है, क्योंकि हमलावरों ने आधी रात का समय चुना और सोते हुए व्यक्ति को निशाना बनाया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *