राम मंदिर चंदा मामले पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे RJD सांसद
बक्सर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। याचिका में हाल ही में सामने आए वित्तीय अनियमितताओं के आरोप, चल रही एसआईटी जांच और 77 लाख रुपये के कथित कैश ट्रेल का हवाला दिया गया है।
याचिका में स्पष्ट किया गया है कि इसका उद्देश्य मंदिर की धार्मिक गतिविधियों या पूजा-पद्धति में हस्तक्षेप करना नहीं है, बल्कि ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। सांसद ने मामले की जांच राज्य पुलिस से लेकर सीबीआई को सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सौंपने की मांग की है।
याचिका में यह भी मांग की गई है कि जांच पूरी होने तक सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारियों और वित्तीय विशेषज्ञों की एक अदालत की निगरानी वाली समिति गठित की जाए। साथ ही ट्रस्ट के सभी वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक दस्तावेज, डिजिटल लेजर और यूपीआई लेनदेन का सुरक्षित संरक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी संभावित छेड़छाड़ को रोका जा सके।
इसके अलावा ट्रस्ट के सभी दान, लेनदेन और संपत्तियों का स्वतंत्र एजेंसी से फोरेंसिक ऑडिट कराने, जांच पूरी होने तक बड़े वित्तीय फैसलों पर रोक लगाने और ऑडिट की गई वित्तीय रिपोर्ट तथा दान संबंधी जानकारी ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है।
इससे पहले भी राम मंदिर को मिले चंदे में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग वाली दो याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट तत्काल सुनवाई की मांग ठुकरा चुका है।
