पंजाब में 355 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, सीएम भगवंत मान ने वितरित किए नियुक्ति पत्र
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के 355 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब तक 67,037 युवाओं को पूरी तरह मेरिट और ट्रांसपेरेंसी के आधार पर सरकारी नौकरियां दे चुकी है। भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि पंजाब ने ईमानदार भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा के क्षेत्र में पूरे देश में नई पहचान बनाई है।
भगवंत मान ने दावा किया कि जहां देश के कई हिस्सों में पेपर लीक जैसे मामले सामने आते हैं, वहीं पंजाब में बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के युवाओं को अवसर दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को 355 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य योग्य उम्मीदवारों को उनकी मेहनत के आधार पर रोजगार देना है। मान के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है ताकि किसी भी उम्मीदवार के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने नए कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि लोगों की सेवा करने का मौका है। सरकार आगे भी विभिन्न विभागों में भर्ती अभियान जारी रखेगी।
