मोहाली में सनसनीखेज वारदात: एकतरफा प्यार में युवती की ऑफिस में घुसकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी किया घायल
मोहाली : फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी में वीरवार शाम हड़कंप मच गया जब एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने अपनी सहकर्मी 29 वर्षीय युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपित ने खुद को भी चाकू मार लिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपित डिंपल से एकतरफा प्यार करता था। वीरवार शाम कार्यालय में काम खत्म होने के दौरान आरोपित ने डिंपल को रोककर उससे बात करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि जब डिंपल ने उससे बातचीत करने से इनकार कर दिया तो आरोपित गुस्से में आ गया।
पुलिस के अनुसार आरोपित अपने साथ चाकू लेकर आया था। आवेश में आकर उसने डिंपल पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। चाकू के हमले से डिंपल गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हुई और कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फेज-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा कंपनी के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। वारदात के बाद कंपनी परिसर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फेज-11 थाना एसएचओ अमन बैदवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा हुआ पाया गया है। जांच के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपित हरजिंदर सिंह के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित के बयान दर्ज किए जाने और चिकित्सकीय स्थिति में सुधार आने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी। फिलहाल युवती के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
ऐसे में आरोपित का तेजधार हथियार लेकर कार्यालय परिसर तक पहुंच जाना चिंता का विषय है। घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच या बैग चेकिंग की व्यवस्था होती तो शायद इस वारदात को रोका जा सकता था।
