कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में होगी वापसी? भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिया बड़ा बयान
पंजाब के सियासी गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी हो सकती है। दरअसल, इन चर्चाओं को हवा किसी और ने नहीं, बल्कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के एक बयान ने दी है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और पार्टी में उनका एक बड़ा कद रहा है। संपर्क में हैं, बात की जा सकती है।” भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस बयान के बाद से ही पंजाब से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है।
पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की तारीफ की थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई के निधन पर राहुल गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर फोन किया था।
वहीं, हाल ही में बीजेपी ने केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि भाजपा ने इस बारे में उनसे कोई राय नहीं ली थी। बुधवार को भाजपा के कार्यालय में जब केवल सिंह ढिल्लों ने चार्ज संभाला था, तो तमाम बीजेपी के वरिष्ठ नेता वहां पहुंचे थे, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नदारत नजर आए।
आपको बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सितंबर 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और नवंबर 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी, क्योंकि वे नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चल रहे विवाद और कांग्रेस आलाकमान द्वारा खुद को दरकिनार किए जाने से बेहद नाराज थे।
कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने ‘पंजाब लोक कांग्रेस’ नाम से अपनी नई पार्टी बनाई और 2022 का पंजाब चुनाव बीजेपी के साथ गठबंधन करके लड़ा। इस चुनाव में हार के बाद, उन्होंने 19 सितंबर 2022 को अपनी पार्टी का पूरी तरह से भाजपा में विलय कर दिया और खुद भी आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए।
