चंडीगढ़ के सेक्टर-20A में बदमाशों का तांडव, अंधाधुंध फायरिंग और तोड़फोड़; एक आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ : शहर के सेक्टर-20ए में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। चार युवकों ने पहले एक बुलेट मोटरसाइकिल में जमकर तोड़फोड़ की और जब पीड़ित पक्ष ने उनका विरोध किया तो भागते समय गोली चला दी। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार सेक्टर-33 निवासी राजीव पुत्र रोशन लाल अपने मित्र सुनील पुत्र आनंद सिंह के साथ देर रात मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहा था। रास्ते में सेक्टर-20 मार्केट के पास उनकी दो युवकों से कहासुनी हो गई।
उस समय दोनों युवक अलग-अलग एक्टिवा स्कूटर पर सवार थे। मामूली विवाद के बाद राजीव और सुनील अपने घर लौट आए और मोटरसाइकिल को सेक्टर-20ए स्थित मकान नंबर-58 के बाहर खड़ा कर दिया।
कुछ समय बाद दोनों को नीचे सड़क से किसी चीज के टूटने की तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने ऊपर से झांककर देखा तो चार युवक राजीव की बुलेट मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ कर रहे थे। दोनों तुरंत नीचे पहुंचे और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया।
इस दौरान उन्होंने एक युवक को दबोच लिया, जिसकी पहचान जय किशन निवासी सेक्टर-30, चंडीगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी एक्टिवा स्कूटर (सीएच-01-बीयू-6450) भी कब्जे में ले ली।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, अपने साथी के पकड़े जाने से बौखलाए अन्य तीन आरोपी मौके से भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने सेक्टर-20ए स्थित मकान नंबर-39 के सामने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
रिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार युवकों में से एक की पहचान अभि नामक युवक के रूप में बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-19 थाना पुलिस, थाना-26 पुलिस, थाना प्रभारी और डीएसपी ईस्ट मौके पर पहुंच गए।
जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से बरामद साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के रिहायशी इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फरार साथियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में फायरिंग, तोड़फोड़ और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
