हरियाणा में गर्मी से मिली राहत, 4 जिलों में तेज हवाओं संग बारिश की चेतावनी; अगले सप्ताह फिर चढ़ेगा पारा

0

हरियाणा में नौतपा के दौरान भी मौसम सुहावना बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार की तुलना में मामूली 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इसके बावजूद तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

 मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 जून तक तथा 5 और 6 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 4 जून को कुछ क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी.

चार जिलों के लिए विशेष चेतावनी: मौसम विभाग ने 1 जून के लिए सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. इन जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

तेज हवाओं और आंधी की संभावना: प्रदेश के अन्य इलाकों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी आने और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 4 जून के बीच कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

हालांकि मौजूदा राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली. विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान जताया है. ऐसे में जून के पहले सप्ताह के अंत तक प्रदेश में गर्मी एक बार फिर अपने तीखे तेवर दिखा सकती है.

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों और किसानों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. विशेष रूप से गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है. किसानों को भी फसलों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *