नौतपा की तपिश से तपा हरियाणा: कई जिलों में तापमान 45 डिग्री पार, कल बारिश से राहत के आसार

0

 हरियाणा में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है. नौतपा के दौरान प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने गुरुवार को 10 जिलों में हीटवेव और धूलभरी आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं शुक्रवार को कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

बुधवार को रोहतक हरियाणा का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा नारनौल में 45.5°C, हिसार और भिवानी में 45°C तापमान दर्ज हुआ. अंबाला में भी पारा 44°C तक पहुंच गया. प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है.

मौसम विभाग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में हीटवेव और धूलभरी आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है. लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.

 प्रदेश के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश भी हो सकती है.

 दिन में भीषण गर्मी के बावजूद रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है. बुधवार सुबह के आंकड़ों के अनुसार यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में न्यूनतम तापमान 21.6°C रहा. करनाल में 23°C और हिसार में 24.5°C तापमान दर्ज किया गया. हालांकि रोहतक और चरखी दादरी में रात का तापमान 28.1°C रहने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा.

 स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के चलते लू लगने का खतरा बढ़ गया है. ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *