जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बीच हवा में रोपवे खराब, 300 पर्यटक फंसे, रेस्क्यू जारी

0

जम्मू-कश्मीर के मशहूर गुलमर्ग रोपवे में खराबी आने के बाद सैकड़ों पर्यटक बीच हवा में फंस गए हैं. बताया जा रहा है कि करीब 300 लोग रोपवे के केबिन में फंसे हुए हैं. रोपवे की केबिन अचानक रुकने से अफरा-तफरी मच गई. हवा में फंसे पर्यटक चीखने-चिल्लाने लगे. फौरन ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. इसमें सेना, पुलिस और प्रशासन की टीमें शामिल हैं. सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हालात पर हमारी नजर है. उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है.

गुलमर्ग में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और गुलमर्ग गंडोला की क्यूआरटी टीम मौजूद रहती हैं तो तुरंत ही राहत और बचाव का काम शुरू किया गया. मौसम खराब होने की वजह से रेस्क्यू में थोड़ी दिक्कत आ रही है. पिछले कुछ दिनों से कश्मीर में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है. सीढ़ियों की मदद से रेस्क्यू टीम हर केबिन तक पहुंच रही है. कई घंटों की कोशिश के बाद ज्यादातर पर्यटकों को बाहर निकाल लिया गया है.

टेक्निकल टीम का कहना है कि पूरा केबल सिस्टम काफी ज्यादा मजबूत है, किसी तरह की हानि की खबर नहीं है. केबल को खींचने वाले मोटर्स को रोक दिया गया है.

जम्मू और कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात गुलमर्ग के लिए रवाना हो गए हैं. बचाव अभियान जारी है और वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *