दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर के बाहर फायरिंग, हमलावर ने ली जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े एक गिरोह ने हरियाणा के करनाल में पंजाबी अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर के बाहर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि, हरियाणा पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसे मैनेजर गुरप्रताप सिंह कांग या उनके परिवार से कोई शिकायत नहीं मिली है।
करनाल के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारनिया ने कहा, ‘परिवार की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।’उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम कांग के गांव गोंडर, करनाल गई थी और प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटनास्थल से कुछ भी बरामद नहीं हुआ।
सोशल मीडिया पोस्ट में बिश्नोई के सहयोगी टायसन बिश्नोई, आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर ने कथित तौर पर गोंडर गांव में कांग के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी ली है।
इस बीच, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले भाजपा ने दोसांझ को पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद दोसांझ के मैनेजर पर हमला हुआ और इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने ली है।
