रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिरी दूल्हे की कार, मच गई चीख-पुकार; पुलिस ने ऐसे बचाई सबकी जान
बिहार में पूर्वी चंपारण जिला के भेलाही थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, जब त्रिवेणी नहर कैनाल में गिर गई दूल्हे की कार से सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरकटियागंज से आनंदीगंज जा रही तेज रफ्तार कार पुराने सशस्त्र सीमा बल (SSB) कैंप के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिर गई। इस घटना की सूचना मिलते ही गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने नदी में गिरी कार के अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायलों को इलाज के लिए रक्सौल स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। इलाज के बाद दूल्हा समेत अन्य लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए आनंदीगंज रवाना हो गए। स्थानीय लोगों ने समय पर राहत कार्य के लिए भेलाही पुलिस की सराहना की है।
