शुभेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में पीएम मोदी ने छुए पैर, जानिए कौन हैं माखनलाल सरकार?
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक तस्वीर ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। समारोह के मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बुजुर्ग व्यक्ति के पैर छूते और उन्हें गले लगाते नजर आए। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोग जानना चाह रहे हैं कि आखिर वह बुजुर्ग कौन हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री ने इतना सम्मान दिया।
बताया जा रहा है कि मंच पर मौजूद बुजुर्ग व्यक्ति माखनलाल सरकार हैं, जिन्हें बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लंबे समय से जुड़ा हुआ वरिष्ठ कार्यकर्ता माना जाता है। पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके लंबे योगदान के कारण उन्हें काफी सम्मान दिया जाता है।
शपथ समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पहले उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया और गले लगाकर उनका अभिवादन किया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भी खास बन गया और देखते ही देखते इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं।
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में देशभर के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद यह शपथ ग्रहण समारोह राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं पीएम मोदी और माखनलाल सरकार की तस्वीर अब समारोह की सबसे चर्चित तस्वीरों में शामिल हो गई है।
शपथ ग्रहण से पहले मंच पर PM मोदी ने पश्चिम बंगाल में BJP के सबसे बुजुर्ग कार्यकर्ताओं में से एक माखनलाल सरकार को सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया।
सन 1952 में माखनलाल सरकार को कश्मीर में उस आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जब वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ वहां भारतीय तिरंगा फहराने के लिए गए थे। 98 साल की उम्र में माखनलाल सरकार आजादी के बाद के भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी स्तर के नेताओं में से एक हैं।
