पंजाब में IAS अधिकारियों के तबादले: सरकार ने जारी किए नए पोस्टिंग आदेश, कई अहम बदलाव

0

पंजाब सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सात आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। मुख्य सचिव केएपी सिन्हा की ओर से जारी आदेशों के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

आईएएस अधिकारी कमल किशोर यादव को सामान्य प्रशासन एवं समन्वय विभाग के सचिव के साथ विज्ञान, तकनीक एवं पर्यावरण तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, अर्शदीप सिंह थिंद को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के साथ जल सप्लाई एवं सैनिटेशन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

अमित तलवाड़ को ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग में विशेष सचिव और ड्रग तथा जाति जनगणना का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परमिंदर पाल सिंह को रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग में विशेष सचिव लगाया गया है।

गौतम जैन को पंजाब स्वास्थ्य सिस्टम निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि जसबीर सिंह-द्वितीय को पंजाब राज्य गोदाम निगम लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा, 2023 बैच की आईएएस अधिकारी पल्लवी मिश्रा को कलानौर में एसडीएम नियुक्त किया गया है। सरकार ने सभी अधिकारियों को तुरंत नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले शुक्रवार को पंजाब सरकार ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 आईएएस और 39 पीसीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए। सरकार ने कई अहम विभागों और जिलों में नई तैनातियां करते हुए प्रशासनिक ढांचे में व्यापक बदलाव किया है।

इस फेरबदल को सरकार की प्रशासनिक कसावट और विभिन्न विभागों में कार्यकुशलता बढ़ाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। गृह, आवास एवं शहरी विकास, कृषि, परिवहन और राजस्व विभाग सहित कई महत्वपूर्ण महकमों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईएएस अधिकारियों में नीलिमा को सचिव गृह नियुक्त किया गया है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *