अमृतसर एयरपोर्ट के नजदीक बड़ा हादसा, होटल की दूसरी मंजिल का लेंटर गिरने से इंजीनियर की मौत

0

अमृतसर। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास एक निर्माणाधीन होटल का लेंटर गिरने से सोमवार की शाम एक इंजीनियर की मौत हो गई। लेंटर का सरिया काटकर दो घंटे बाद इंजीनियर प्रमोद धीमान को किसी तरह बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया।

जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना एयरपोर्ट के एएसआई बब्बू सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा स्वजनों के हवाले कर दिया गया है और जांच जारी है।रूपनगर के जिला स्थित श्री आनंदपुर साहिब के कागड़ गांव निवासी पिता दिनेश धीमान और चाचा नरिंदर धीमान ने थाना एयरपोर्ट की पुलिस को अपने बयान दर्ज करवाए हैं कि प्रमोद धीमान पेशे से इंजीनियर है। कुछ महीने पहले ही उसने बताया था कि उसे अमृतसर के एक होटल का निर्माण कराने का काम मिला है।

वह पिछले छह महीने से उसी होटल के काम में लगा था। सोमवार की सुबह प्रमोद ने मोबाइल के जरिए अपने पिता दिनेश धीमान से बात की थी। इसके बाद बेटे से बात नहीं हुई। परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोमवार की रात उन्हें कंस्ट्रक्शन साइट से काल कर बताया गया कि प्रमोद का स्वास्थ्य ठीक नहीं है।

इसके बाद वह मंगलवार की सुबह जब यहां अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि बेटे की मौत हो चुकी है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि होटल के दूसरी मंजिल पर पड़े लेंटर का एक हिस्सा प्रमोद पर गिर पड़ा था। जोरदार धमाके के साथ ही अफरातफरी मच गई।

मौके पर मौजूद मजदूरों ने शोर मचाया और प्रमोद को बाहर निकालने के लिए काम शुरू किया गया। किसी तरह दो घंटे के बाद लेंटर का सरिया काटकर प्रमोद को बाहर निकाला गया। लेकिन उसकी हालत काफी खराब थी। तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर