चंडीगढ़: इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग के बाद यात्री के पावर बैंक में ब्लास्ट, 5 यात्री घायल, मची अफरातफरी
चंडीगढ़। मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो की फ्लाइट (6E-108) के लैंड होते ही एक यात्री के पावर बैंक में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका होते ही विमान के केबिन के भीतर हड़कंप मच गया और यात्रियों में अफरातफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पावर बैंक में ब्लास्ट होते ही विमान के अंदर काला धुआं फैल गया और यात्री जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत इमरजेंसी प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, शुरुआत में आपातकालीन निकास द्वार (इमरजेंसी गेट) खोलने में कुछ तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे यात्रियों की घबराहट और बढ़ गई। अंततः गेट खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
