नूंह के जोरासी वेयरहाउस में भीषण आग: करोड़ों का सामान जलकर राख, कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें
नूंह: जिले के तावड़ू उपमंडल के गांव जोरासी में मंगलवार को एक होलसेल वेयरहाउस में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेज थी कि इसकी ऊंची-ऊंची लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं. स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम: इधर, घटना की सूचना मिलते ही तावड़ू फायर स्टेशन से दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. हालांकि आग की तीव्रता को देखते हुए भिवाड़ी, बिलासपुर, सोहना और नूंह से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा. दमकल कर्मी लगातार कई घंटों तक आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे.
करोड़ों के नुकसान की आशंका: स्थानीय लोगों की मानें तो इस आगजनी में वेयरहाउस में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर खाक हो गया है. नुकसान का अनुमान करोड़ों रुपये में लगाया जा रहा है. आग की वजह से आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस हादसे में राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है. समय रहते कर्मचारियों और आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
