मोहाली में बाइक चोरी गैंग का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; यूपी में बेचते थे चोरी की गाड़ियां
मोहाली पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की गई 11 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइक्स में 9 बुलेट और 2 स्प्लेंडर शामिल हैं। इनमें से 6 बुलेट मोटरसाइकिल लखनऊ से बरामद की गई हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द नामजद किया जाएगा।
पुलिस को फेज-9 निवासी खुशप्रीत सिंह की शिकायत मिली थी कि 17 अप्रैल 2026 की रात उसका बुलेट चोर चोरी कर ले गए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस ने अमरिंदर सिंह उर्फ बिट्टू, निवासी सेक्टर-50 चंडीगढ़ और अर्जन, निवासी नूजा कालोनी पटियाला को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान चोरों की निशानदेही पर चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में यह पता चला कि आरोपित चंडीगढ़ और मोहाली के विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी करते थे। गिरोह से जुड़े अन्य चोरों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
