चिन्नी हत्याकांड में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का खुलासा: ADGP की भाभी ने दी थी सुपारी, प्रॉपर्टी विवाद में मर्डर

0

चंडीगढ़ सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की हत्या में पुलिस ने कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का खुलासा किया है। चिन्नी हत्याकांड में क्राइम ब्रांच ने मुख्य साजिशकर्ता महिला अमरीन और प्रॉपर्टी डीलर हर्षप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते ही हत्या की साजिश रची गई थी और इसके लिए गैंगस्टर लक्की पटियाल को सुपारी दी गई थी। अमरीन पंजाब पुलिस के एक एडीजीपी रैंक के अफसर की भाभी है।
एसपी क्राइम मंजीत श्योराण के अनुसार 18 मार्च 2026 को सेक्टर-9 में जिम की पार्किंग के बाहर दिनदहाड़े चमनप्रीत की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में पता चला कि अमरीन और चमनप्रीत के बीच न्यू चंडीगढ़ की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद था। अमरीन का आरोप था कि उसे धोखे से महंगे दामों पर जमीन बेची गई और कब्जा नहीं दिया गया जिससे उसे भारी नुकसान हुआ। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस ने 29 अप्रैल को पहले हर्षप्रीत को गिरफ्तार किया था जो इस पूरे नेटवर्क की कड़ी बना। उसके कब्जे से एक इंपोर्टेड .45 बोर पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। यह हथियार अमरीन के नाम पर पंजीकृत था। इसके बाद अमरीन को भी गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

जांच में खुलासा हुआ कि हर्षप्रीत ने अमरीन की गैंगस्टर लक्की पटियाल से डिब्बा कॉल के जरिये बात करवाई। दोनों के बीच बातचीत एन्क्रिप्टेड एप के माध्यम से होती रही। अमरीन ने हत्या के लिए मोटी रकम की सुपारी दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह रकम गैंगस्टर तक कैसे पहुंची।
क्राइम ब्रांच ने मुख्य शूटर राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जिसमें कई अहम खुलासे हुए। आरोपियों ने बताया कि वारदात से पहले वे कजहेड़ी में रुके थे जहां उन्हें हथियार, बाइक और पैसे उपलब्ध कराए गए।

इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है जिनमें राहुल शर्मा उर्फ पौलार्ड, कमल सैनी, विकास राणा, जानू मलिक, हर्षप्रीत, अमरीन, राजन और प्रीतम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *