हरियाणा में पंजाब का कबड्डी प्लेयर गिरफ्तार, 1 करोड़ की हेरोइन के साथ पकड़ा गया
हरियाणा को नशे की दीमक से बचाने के संकल्प को प्राथमिकता देते हुए डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में नशा तस्करों के खिलाफ एक ठोस और रणनीतिक ‘क्लीन-अप’ अभियान चलाया जा रहा है. इस मुहिम को प्रभावी बनाने के लिए पंचकूला के पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने जिले की सभी पुलिस इकाइयों को एकजुट होकर नशा माफियाओं की जड़ें खोदने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं. इसी दिशा में क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पंजाब के रहने वाले कबड्डी प्लेयर को एक करोड़ की हेरोइन के साथ पकड़ा गया है.
1 करोड़ की हेरोइन समेत कबड्डी खिलाड़ी गिरफ्तार: गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए इंचार्ज दलीप सिंह की अगुवाई में टीम ने रायपुररानी-नारायणगढ़ रोड स्थित गांव प्यारेवाला के पास घेराबंदी की. यहां से पंजाब के जिला तरनतारन निवासी एवं राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी आरोपी रशपाल सिंह उर्फ लाली को उसकी महिंद्रा बोलेरो गाड़ी सहित दबोचा गया. तलाशी के दौरान उसकी बोलेरो गाड़ी की ड्राइवर सीट के नीचे से 538 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई है. थाना रायपुररानी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी के तहत केस दर्ज किया गया है.
पंजाब से लाकर पंचकूला में सप्लाई: एसीपी क्राइम ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में शामिल है और पंजाब से हेरोइन लाकर पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई करता था. आरोपी को 24 अप्रैल को अदालत में पेश कर उसका तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था. आगामी पूछताछ के लिए उसे दोबारा अदालत में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया गया है, ताकि उसके मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके. आरोपी पहले राज्य स्तर का कबड्डी खिलाड़ी रह चुका है और उसके खिलाफ पंजाब में दो आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. इनमें एक हत्या के प्रयास और दूसरा धोखाधड़ी से संबंधित है.
मुख्य सप्लायर के ठिकानों पर छापामारी: पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने मुख्य सप्लायर के बारे में अहम जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. उम्मीद जताई गई है कि जल्द ही इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
चार महीने में 58 तस्कर काबू और चला बुलडोजर: डीसीपी क्राइम ने बताया कि इस वर्ष अब तक चार महीने से भी कम समय में एनडीपीएस एक्ट के तहत 37 मामले दर्ज कर 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 18 मुख्य सप्लायर शामिल हैं. डीसीपी ने बताया कि इस अवधि में कुल 5 किलो 141 ग्राम हेरोइन, 27 किलो चूरा पोस्त, 6 किलो 296 ग्राम गांजा, 1 किलो 558 ग्राम चरस, 710 ग्राम अफीम और 40,200 नशीली प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ 85 लाख रुपये है. इसके अलावा, तीन नशा तस्करों अमर सिंह (पिंजौर), सुल्तान (पंचकूला) और अभिषेक (उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेक्टर-14 पंचकूला) की नशे की कमाई से अर्जित संपत्तियों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया है.
