हरियाणा में देर रात 46 एचपीएस अधिकारियों का तबादला, देखें लिस्ट
हरियाणा सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. कुल 46 हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. इनमें 35 उप पुलिस अधीक्षक (DSP) और 11 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) शामिल हैं. अचानक हुए इस बड़े फेरबदल से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. कई जिलों में नई तैनातियों के चलते कामकाज की दिशा भी बदल सकती है.
अलग-अलग यूनिट्स में दी गई नई जिम्मेदारियां: तबादला किए गए अधिकारियों को अपराध जांच विभाग (CID), राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, रिजर्व बटालियन, पुलिस अकादमी और जिला पुलिस में तैनात किया गया है. ये बदलाव सिर्फ स्थानांतरण तक सीमित नहीं है, बल्कि कई अधिकारियों को संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं. खासकर नारकोटिक्स और विजिलेंस जैसे विभागों में नियुक्तियां इस बात का संकेत देती हैं कि सरकार इन क्षेत्रों में सख्ती बढ़ाने के मूड में है.

जिलों और शहरी क्षेत्रों में भी बदलाव का असर: इस फेरबदल का असर जिला स्तर पर भी साफ दिखाई देगा. पानीपत, नूंह, कैथल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद जैसे जिलों में नए डीएसपी की तैनाती की गई है. वहीं फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में कई एसीपी स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं. इससे शहरी कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन में बदलाव देखने को मिल सकता है. खासकर फरीदाबाद में मुजेसर, सराय और बल्लभगढ़ जैसे इलाकों में नए एसीपी की पोस्टिंग को अहम माना जा रहा है.

इन अधिकारियों को मिली नई पोस्टिंग: इस सूची में प्रणय कुमार को पानीपत, हरविंदर सिंह को हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो, सुरिंदर कौर को नूंह, रमेश चंद्र को कैथल और सिद्धार्थ को शाहाबाद में डीएसपी बनाया गया है. वहीं पंकज कुमार, संदीप मोर और रवि खुंडिया को फरीदाबाद में एसीपी की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा गौरव फोगाट, मनोज कुमार और नवीन शर्मा को गुरुग्राम में एसीपी के तौर पर तैनात किया गया है. कई अधिकारियों को विजिलेंस और सीआईडी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी भेजा गया है, जिससे जांच प्रणाली को मजबूत करने की कोशिश दिख रही है.
