कनाडा में भारतीय युवक पर हमला, गाड़ियों को लगाई आग
कनाडा के ओंटारियो से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने प्रवासी भारतीय समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। अमृतसर से संबंध रखने वाले एक युवक के घर और उसकी गाड़ियों को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। घटना उस समय हुई जब युवक अपने घर के अंदर मौजूद था।
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों को आग लगाने की कोशिश की। इनमें से दो वाहनों में आग लगाने में वे सफल रहे, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे घर को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।
घटना का एक अहम पहलू यह भी है कि एक आरोपी आग लगाते समय खुद भी झुलसता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इससे पुलिस (Police) को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पीड़ित युवक पिछले करीब छह वर्षों से अपनी बहन के साथ इस घर में रह रहा था और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था।
इस घटना ने इलाके के लोगों को भी दहशत में डाल दिया है। सबसे गंभीर बात यह सामने आई है कि हमलावरों ने घर की दीवार पर ‘Go Back’ जैसे नारे लिखे, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि यह हमला नस्लीय या नफरत से प्रेरित हो सकता है।
पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
