ट्रंप के बाद अब मैक्रों ने किया PM मोदी को फोन, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई
मध्य पूर्व में जारी तनाव को देखते हुए वैश्विक कूटनीतिक गतिविधियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच गुरुवार को फोन पर अहम बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य में जल्द से जल्द सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने की जरूरत पर सहमति जताई। बता दें कि हाल ही में पीएम मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फोन किया था और होर्मुज समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मैक्रों के साथ हुई बातचीत की जानकारी देते हुए कहा, ‘मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का फोन आया। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तुरंत बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति जताई। हम क्षेत्र और उससे आगे शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपना करीबी सहयोग जारी रखेंगे'” उन्होंने यह भी कहा कि भारत और फ्रांस क्षेत्रीय स्थिरता के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।
