IMD ने जारी की लू की चेतावनी: हरियाणा में सताएगी भीषण गर्मी, तापमान 40 डिग्री के पार जानें का अलर्ट
हरियाणा में अब मौसम पूरी तरह बदल रहा है और ठंड का असर खत्म होकर तेज गर्मी ने जगह ले ली है. IMD चंडीगढ़ के ताजा अपडेट के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और दिन के समय तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ाएगी. साफ आसमान और शुष्क हवाओं की वजह से गर्मी का असर और तेज हो रहा है. अप्रैल के दूसरे हफ्ते से ही इसका असर दिखने लगा है और अब ये तेजी से बढ़ने वाला है.
हरियाणा का अधिकतम तापमान: मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा में सबसे ज्यादा तापमान भिवानी जिले में दर्ज किया गया. जहां अधिकतम तापमान करीब 37.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया. इसके अलावा हिसार, भिवानी और रोहतक जैसे जिलों में भी तापमान 36 से 37 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है. तापमान का ये स्तर फिलहाल सामान्य के आसपास बना हुआ है.
कई इलाकों में लू की चेतावनी: मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान बढ़ने के साथ कई जिलों में लू जैसे हालात बन सकते हैं. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को सीधे प्रभावित करेंगी. खासतौर पर दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है और हीटवेव की स्थिति बनने का खतरा बना हुआ है.
आगे और बढ़ सकती है गर्मी, राहत के आसार कम: मौसम विभाग के संकेत बता रहे हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी. तापमान लगातार ऊपर जा रहा है और कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है. अप्रैल के बाद मई और जून में गर्मी अपने चरम पर पहुंचती है, ऐसे में अभी से इसके असर दिखने लगे हैं. फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं हैं, इसलिए लोगों को अभी से सतर्क रहने की जरूरत है.
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह: IMD ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और ज्यादा से ज्यादा पानी पीते रहें. हल्के और ढीले कपड़े पहनना जरूरी है ताकि शरीर का तापमान नियंत्रित रहे. बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है. किसानों को भी फसलों की सिंचाई सुबह या शाम के समय करने की सलाह दी गई है ताकि गर्मी का असर कम हो सके.
