पुलिस ने किया बड़े बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी दबोचे; 20 मोटरसाइकिलें बरामद
बठिंडा। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए स्टाफ 2 व थाना कोतवाली पुलिस ने एक सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 20 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। सीआईए स्टाफ-2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर करणदीप सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक जसप्रीत सिंह उर्फ छोटा, हरदर्शन सिंह उर्फ मोटा और सुखविंदर सिंह उर्फ मोटा शहर और आसपास के इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और उनके पास बड़ी संख्या में चोरी के वाहन मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संतपुरा रोड स्थित गुरु तेग बहादुर टैक्सी स्टैंड के पास नाकाबंदी की। इस दौरान तीनों आरोपियों को एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह निवासी गांव तिड़ोना, हरदर्शन सिंह निवासी गांव तिड़ोना तथा सुखविंदर सिंह निवासी गांव घुंदा, हाल निवासी बादशाही ठाडरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे।
ये लोग शहर के भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे शॉपिंग मॉल, बैंक परिसर और अन्य सार्वजनिक पार्किंग स्थलों को निशाना बनाते थे, जहां सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर होती थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए नहर पुल झीड़ बहिमट और 400 किलो ग्रेन सेंटर क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से 19 अन्य चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद किए। इस प्रकार कुल बरामदगी 20 मोटरसाइकिलों तक पहुंच गई है।
बरामद सभी वाहन अलग-अलग कंपनियों के हैं और अधिकांश पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिससे उनकी पहचान छिपाई जा सके। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि आगे की पूछताछ में और खुलासे हो सकें। पुलिस अधिकारियों ने संभावना जताई है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य भी सामने आ सकते हैं और चोरी के और मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
