चंडीगढ़ में हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर; हर मूवमेंट पर कड़ी नजर
शहर में पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर हुए हैंड ग्रेनेड हमले के अगले ही दिन वीरवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा ई-मेल एसएसपी कार्यालय को प्राप्त हुआ। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।
ड्यूटी ऑफिसर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ई-मेल में हाईकोर्ट परिसर में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
हाईकोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर एंट्री और मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। डॉग और बम स्क्वायड ने भी चेकिंग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी वास्तविक है या अफवाह, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए हर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। साइबर टीम भी सक्रिय हो गई है और मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
