चंडीगढ़ में बीजेपी ऑफिस पर हमला, खालिस्तानी आतंकी ने ली जिम्मेदारी, वीडियो भी शेयर किया
भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ ऑफिस पर हुए हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी ने ली है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया गया कि ग्रेनेड हमला सिख युवकों की हत्या का प्रतिशोध था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में GHD2P ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एनआईए की एक टीम विस्फोट की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि विस्फोट शाम करीब पांच बजे हुआ। भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने इसे पार्टी कार्यालय पर “हमला” करार दिया।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अपने हाथ में हेलमेट लिए हुए एक व्यक्ति हथगोले जैसी वस्तु फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति इसे रिकॉर्ड कर रहा है। बम फेंके जाने के बाद, दोनों भागने लगे और फिर धमाके की आवाज सुनाई दी। दस सेकंड के वीडियो में उनके चेहरे दिखाई नहीं दे रहे थे। वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं हो पाई है। भाजपा की पंजाब इकाई का मुख्यालय सेक्टर 37 में स्थित है, जहां लॉ भवन और एक पेट्रोल पंप भी है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में सुखजिंदर सिंह बब्बर नाम के एक व्यक्ति ने “ग्रेनेड हमले” की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में कथित तौर पर लिखा था, ”हम भारत सरकार को यह बताना चाहते हैं कि वह पंजाब के सिख युवाओं को खत्म करने के लिए किसी भी तरीके का इस्तेमाल कर सकती है, लेकिन उसे इसका करारा जवाब दिया जाएगा। गुरदासपुर में रणजीत सिंह के हत्यारों को भी बख्शा नहीं जाएगा।” रणजीत उन तीन लोगों में से एक था, जिन पर 22 फरवरी को दो पुलिसकर्मियों की हत्या से जुड़े एक मामले में आरोप था। वह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर ने पत्रकारों को बताया, ”प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि एक छोटा, देसी किस्म का कुछ उपकरण फेंका गया।” उन्होंने बताया कि शाम करीब पांच बजे भाजपा के प्रदेश कार्यालय के पास एक धमाके की सूचना मिली। उन्होंने कहा, ”क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।” उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय फॉरेंसिक प्रयोगशाला की एक टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में GHD2P ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया था। GHD2P हैंड ग्रेनेड मुख्य रूप से पाकिस्तान में बनाया जाता है। फटने के बाद, यह लगभग 5 से 10 मीटर के दायरे में बेहद घातक साबित होता है। इसके टुकड़े 20 से 25 मीटर तक जा सकते हैं, जिससे कोई भी गंभीर रूप से घायल हो सकता है। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी के मुख्यालय के बाहर हुए ब्लास्ट में 2 नये सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में हमलावर हमले से कुछ मिनट पहले BJP ऑफिस के बगल वाले ऑफिस के बाहर खड़े थे। हमले के बाद हमलावर सड़क के दूसरी तरफ भाग गए। CCTV में दो हमलावर भागते हुए दिख रहे हैं। और दूसरी सीसीटीवी में वही दो लोग खड़े हुए हैं। पुलिस ने कहा कि वह बम फेंकने वालों की पहचान करने के लिए आसपास के स्थानों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
