रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: चंडीगढ़ स्टेशन पर रात 12–4 बजे तक कुछ प्लेटफॉर्म बंद, ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे।
चंडीगढ़-पंचकूला रेलवे स्टेशन पर रात 12 से सुबह 4 बजे तक कुछ प्लेटफाॅर्म पर अस्थायी ब्लाॅक लगाया जाएगा। अपग्रेडेशन का कार्य के चलते 12 से 17 मार्च तक यह असुविधा रहेगी।
इस दौरान कुछ ट्रेनों की बर्थिंग बदलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि किसी ट्रेन के संचालन में देरी होती है तो परिस्थितियों के अनुसार प्लेटफाॅर्म में बदलाव किया जा सकता है।
रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के अधिकारियों के अनुसार अपग्रेडेशन का कार्य आधुनिकीकरण परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तहत लाइन नंबर 4 (प्लेटफाॅर्म नंबर 3) और लाइन नंबर 5 (प्लेटफाॅर्म नंबर 4) पर मौजूदा फुटओवर ब्रिज को हटाया जाएगा।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अंबाला मंडल की ओर से निर्धारित समय के दौरान इन दोनों लाइनों पर प्लेटफाॅर्म ब्लाॅक देने का निर्णय लिया गया है, ताकि कार्य बिना किसी जोखिम के पूरा किया जा सके।
इस अवधि के दौरान किसी भी ट्रेन को रद नहीं किया गया है और न ही किसी ट्रेन का शॉर्ट टर्मिनेशन या ओरिजिनेशन प्रस्तावित है। हालांकि, कार्य प्रभावित न हो और यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए कुछ ट्रेनों के प्लेटफाॅर्म में बदलाव किया गया है।
नई व्यवस्था के अनुसार ट्रेन नंबर 12311, जो पहले प्लेटफार्म नंबर 4 पर आती थी, अब उसे प्लेटफार्म नंबर 2 पर बर्थिंग दी जाएगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 14610 और ट्रेन नंबर 14632, जो पहले प्लेटफार्म नंबर 2 पर आती थीं, उन्हें प्लेटफार्म नंबर 1 पर लाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन नंबर 14629/14630 का रेक रात 10:40 बजे स्टेशन पर पहुंचता है और सुबह 4:55 बजे रवाना होता है। यह रेक लाइन नंबर 4 यानी प्लेटफाॅर्म नंबर 3 (अंबाला साइड) पर स्टेबल रहेगा। चूंकि यह केवल 12 कोच का शार्ट लोड है, इसलिए कार्य स्थल के पास किसी प्रकार की बाधा या सुरक्षा संबंधी समस्या नहीं होगी।
