हरियाणा में भीषण गर्मी ने किया हाल बेहाल, 6 शहरों में तापमान 36°C पार, 14 मार्च से राहत के आसार

0

 हरियाणा में मार्च के मध्य में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 6 जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जो औसत अधिकतम तापमान से करीब 7.5 डिग्री ज्यादा है. आमतौर पर मार्च महीने में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच रहता है, लेकिन इस समय कई शहरों में पारा 34 से 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है.

रात के तापमान में हल्की गिरावट: हालांकि प्रदेश के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद यह सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.6 डिग्री की गिरावट आई है, फिर भी यह सामान्य से लगभग 5.1 डिग्री ज्यादा है. आम तौर पर मार्च में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास होता है, लेकिन इस समय कई जिलों में रात का तापमान 16 से 17 डिग्री के करीब बना हुआ है.

कई शहरों में 35 डिग्री पार: बुधवार को प्रदेश में महेंद्रगढ़ जिले का नारनौल सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा हिसार में 36.4 डिग्री, नूंह में 36.9 डिग्री, भिवानी में 35.5 डिग्री और गुरुग्राम में 35.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. कई अन्य शहरों में भी पारा 34 से 35 डिग्री के बीच बना रहा. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सोनीपत में सबसे कम 14.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि करनाल में 14.8 डिग्री और जींद में 15.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ.

14 मार्च से बदल सकता है मौसम का मिजाज: मौसम वैज्ञानिक की मानें तो दो दिन यानी 12 और 13 मार्च तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा. इसके बाद 14 मार्च से मौसम में बदलाव की संभावना है. इस दिन फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 15 मार्च को यह मौसम गतिविधि प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत तक पहुंच सकती है, जिससे बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *