चंडीगढ़ में एक्सटेंशन या नया चेहरा, SSP कंवरदीप कौर का कार्यकाल पूरा, PM टेबल पर फाइल
चंडीगढ़ में एसएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) कंवरदीप कौर का तीन वर्षीय कार्यकाल 8 मार्च 2026 को पूरा हो चुका है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद उनके अवकाश पर जाने से एसएसपी का अस्थायी प्रभार सुमेर प्रताप (एसएसपी ट्रैफिक) को सौंपा गया है। सूत्रों के मुताबिक, कंवरदीप कौर ने एक साल के विस्तार के लिए आवेदन भेजा है। पंजाब सरकार से एनओसी मिल चुकी है और चंडीगढ़ प्रशासक ने भी अपनी सहमति दे दी है। गृह मंत्रालय स्तर पर भी फाइल को हरी झंडी मिल चुकी है, लेकिन अंतिम मंजूरी के लिए मामला अभी प्रधानमंत्री के पास विचाराधीन है।
इस बीच, चंडीगढ़ में यूटी कैडर के एसएसपी की नियुक्ति की मांग एक बार फिर सुर्खियों में है। इससे पहले भी प्रशासनिक तालमेल और बेहतर गवर्नेंस के तर्क के साथ गृह मंत्रालय को पत्र भेजकर यह मांग उठाई जा चुकी है कि केंद्र शासित प्रदेश में एसएसपी पद पर यूटी कैडर अधिकारी की तैनाती हो।
आतंकवाद के दौर में चंडीगढ़ को डिस्टर्ब एरिया घोषित किया गया था। उसी समय खालिस्तानी आतंकवाद से निपटने के लिए पहली बार पंजाब कैडर के आईपीएस सुमेध सिंह सैनी को यहां एसएसपी बनाया गया। हालांकि बाद में डिस्टर्ब एरिया का टैग हट गया, फिर भी तब से लगातार पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी ही इस पद पर नियुक्त होते रहे हैं। अब सबकी नजर प्रधानमंत्री की मंजूरी पर है, जिसके बाद यह साफ होगा कि मौजूदा एसएसपी को विस्तार मिलेगा या चंडीगढ़ में एसएसपी नियुक्ति को लेकर नई व्यवस्था लागू होगी।
