मोहाली की महिला से 1.21 करोड़ की ठगी: 65 साल की बुजुर्ग को डराया, आतंकियों से कनेक्शन; फिर शुरू हुआ ठगी का खेल

0

साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 1.21 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर महिला को यह कहकर डरा दिया कि उसके नाम से मुंबई में खरीदे गए एक सिम कार्ड का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों में किया गया है। डर के कारण महिला ठगों के झांसे में आ गई और उन्होंने जांच व ऑडिट के नाम पर उससे अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली। बाद में जब आरोपियों ने और पैसे भेजने का दबाव बनाया तो महिला को ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम पुलिस को शिकायत दे दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि 13 जनवरी को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अमन कुमार बताते हुए डाटा प्रोटेक्शन बोर्ड ऑफ इंडिया का सीनियर अधिकारी बताया। उसने महिला से कहा कि उसके नाम से मुंबई में एक सिम कार्ड खरीदा गया है, जिसका इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों में किया गया है। यह सुनकर महिला घबरा गई।

इसके बाद कॉलर ने महिला को अपने कथित सीनियर अधिकारी से भी बात करवाई। उस व्यक्ति ने महिला को बताया कि जांच एजेंसियों ने उसे डिजिटल अरेस्ट किया है और अगर वह गिरफ्तारी से बचना चाहती है तो उसे तुरंत जांच में सहयोग करना होगा। आरोपियों ने महिला को लगातार फोन पर रखा और उससे उसके बैंक खातों की पूरी जानकारी ले ली।

जांच और ऑडिट के नाम पर ठगों ने महिला को भरोसा दिलाया कि उसके खातों में मौजूद रकम की जांच करनी है। इसके लिए उसे पूरी राशि उनके बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर करनी होगी। साथ ही यह भी कहा गया कि जांच पूरी होने के बाद 24 घंटे के भीतर पैसे वापस कर दिए जाएंगे।

ठगों की बातों में आकर महिला ने पहले करीब 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसने अपने दूसरे बैंक खाते से भी लगभग 1.01 करोड़ रुपये उसी खाते में भेज दिए। हालांकि इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद भी साइबर अपराधी महिला पर और पैसे भेजने का दबाव बनाते रहे।

लगातार पैसे मांगने पर महिला को शक हुआ कि उसके साथ ठगी हो रही है। इसके बाद उसने तुरंत साइबर क्राइम पुलिस मोहाली को शिकायत दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और बैंक खातों व कॉल डिटेल की जांच की जा रही है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर