चंडीगढ़ में ASI को थप्पड़ मारे, पगड़ी उतरी: बैंक में झगड़ा सुलझाने पहुंचे थे; ATM से पैसे न निकलने पर बैंककर्मी से उलझा व्यक्ति
चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एटीएम मशीन खराब होने की बात को लेकर एक व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड और बैंक स्टाफ से उलझ गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे समझाकर बाहर ले जा रहे थे, तभी उसने एएसआई के साथ हाथापाई कर दी और थप्पड़ मार दिए, जिससे उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई।
बाद में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सेक्टर-24 निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है, जो साइकियाट्रिक समस्या से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के भाई द्वारा माफी मांगने के बाद पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया।
जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह बुधवार को सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा था। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उसे बताया कि एटीएम मशीन काम नहीं कर रही और वह पास के दूसरे एटीएम से पैसे निकाल सकता है।
इसी बात को लेकर अवतार सिंह पहले सिक्योरिटी गार्ड से उलझ गया और फिर बैंक के अंदर जाकर स्टाफ से भी बहस करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख बैंक मैनेजर ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
सूचना मिलते ही एरिया बीट इंचार्ज एएसआई लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। एएसआई लखबीर सिंह अवतार सिंह को समझाकर बैंक के बाहर ले जा रहे थे कि तभी आरोपी ने अचानक गालियां देनी शुरू कर दीं और एएसआई को थप्पड़ मार दिए। इस दौरान उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई।
