चंडीगढ़ में बिल्डर के घर फायरिंग 20 हजार में कराई: 5 करोड़ मांगी थी रंगदारी, पुलिस दो शूटरों को प्रोडक्शन वारंट पर लाई, मुख्य आरोपी की तलाश
Oplus_131072
चंडीगढ़ सेक्टर-21 स्थित बिल्डर अंकित सिदाना के घर पर फायरिंग कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस दो शूटरों को प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। सेक्टर-19 थाना पुलिस दोनों आरोपियों को लुधियाना से लेकर आई और अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुल्लांपुर गरीबदास के गांव तीड़ा निवासी रमनदीप सिंह उर्फ आकाश और एसबीएस नगर के गांव गढ़ी अजीत सिंह निवासी नरेंद्र धीर उर्फ आकाश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों शूटर कौशल चौधरी गैंग से जुड़े हुए हैं।
20 हजार में घर के बाहर फायरिंग
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जानू नाम के युवक ने दोनों आरोपियों को बिल्डर के घर पर फायरिंग करने के लिए 20 हजार रुपये देने का वादा किया था। इसी रकम के लालच में दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अब जानू को भी मामले में नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस केस में पहले ही कौशल चौधरी और डोनी बल को नामजद किया जा चुका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जानू का इन गैंगस्टरों से क्या संबंध है। सेक्टर-19 थाना पुलिस 15 मार्च को कौशल चौधरी को भी प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लाने की तैयारी कर रही है।
भागते समय टूटी कौशल चौधरी की टांगें
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लुधियाना में कस्टडी से फरार होने की कोशिश के दौरान दीवार फांदते समय कौशल चौधरी की दोनों टांगें फ्रैक्चर हो गई थीं। इलाज के लिए उसे कुछ समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था, लेकिन अब वह ठीक हो चुका है।
कोठी के बाहर चलाईं 5 गोलियां
पुलिस के मुताबिक 16 जनवरी की आधी रात घने कोहरे के बीच बाइक सवार बदमाशों ने सेक्टर-21 में सिदाना की कोठी के बाहर पांच गोलियां चलाई थीं। उस समय बिल्डर एक दिन पहले ही दुबई से लौटकर अपनी पत्नी और पंजाब पुलिस के पांच गनमैन के साथ घर में मौजूद था।
फायरिंग के समय गनमैन सो रहे थे और घने कोहरे के कारण गोलियों की आवाज को पटाखों की आवाज समझ लिया गया। अगली सुबह गेट के पास एक सफेद पर्ची मिली, जिस पर लिखा था “विद लव फ्रॉम महौब्बत रंधावा एंड पवन शौकीन।”
विदेशी नंबर से आया 5 करोड़ की रंगदारी का कॉल
घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे बिल्डर अंकित सिदाना के मोबाइल पर एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर से करीब 32 सेकेंड की कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को डोनी बल, कौशल चौधरी और बंबीहा गैंग से जुड़ा बताते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और कहा कि कोठी पर फायरिंग भी उसी ने करवाई है। इसके बाद सिदाना को पूरी घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 10 जनवरी को लुधियाना में रॉयल लीमो लग्जरी कार शोरूम पर भी बाइक सवार बदमाशों ने सात गोलियां चलाई थीं। वहां भी बदमाश भागते समय एक सफेद पर्ची छोड़ गए थे, जिस पर वही संदेश लिखा हुआ था।
दोनों घटनाओं में मिली पर्चियों की हैंडराइटिंग की जांच में पता चला कि दोनों एक ही व्यक्ति ने लिखी थीं। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने मामले में डोनी बल, कौशल चौधरी और अज्ञात शूटरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज कर दी।
लुधियाना पुलिस ने कार शोरूम फायरिंग मामले में दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने सेक्टर-21 चंडीगढ़ में बिल्डर के घर फायरिंग करने की बात कबूल की।
