सोनीपत को मिली ₹5.60 करोड़ की सौगात,602 गोशालाओं के लिए खुला पिटारा

0

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को सोनीपत के भटगांव स्थित धर्मार्थ गोशाला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दौरान प्रदेश की गोशालाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2026-27 के रोडमैप के साथ गोवंश के संरक्षण के लिए 68 करोड़ 34 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की। इस दौरान उन्होंने गोसेवा को केवल आस्था नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में प्रदेशभर की 602 पंजीकृत गोशालाओं के लिए अनुदान राशि डिजिटल माध्यम से जारी की।जिले की 27 पंजीकृत गोशालाओं के लिए 5.60 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। सवा 11 साल का हिसाब देते हुए सीएम ने बताया कि 2014 से अब तक सरकार गोशालाओं को 525.75 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दे चुकी है।

पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश की 330 गोशालाओं में पहले ही सोलर प्लांट लग चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2026-27 तक सभी पंजीकृत गोशालाओं को सौर ऊर्जा आधारित बनाया जाए। इसके अलावा, गोशालाओं को मात्र 2 रुपये प्रति यूनिट की रियायती दर पर बिजली दी जा रही है।

गोवंश की देखभाल के लिए पशु डॉक्टरों की नियमित ड्यूटी लगाई गई है और मोबाइल पशु चिकित्सालय की सुविधा भी शुरू की गई है। देसी नस्ल प्रोत्साहन देते हुए राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत हरियाणा, साहिवाल और बेलाही नस्ल की गाय पालने वालों को 5 हजार से 20 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।गोवंश के लिए प्रदेश में दो बड़े गो-अभ्यारण्यों की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि ‘हरियाणा गो-वध संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम-2015’ के तहत गो-तस्करी और गो-वध पर कड़े दंड का प्रावधान है। उन्होंने युवाओं, पंचायतों और धार्मिक संगठनों से अपील की कि वे गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पादों को बढ़ावा देकर गोशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें।

समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, मंत्री रणबीर गंगवा, डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक निखिल मदान, देवेंद्र कादियान और पवन खरखौदा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *